Uncategorized

गणतंत्र दिवस समारोह का किया गया अंतिम पूर्वाभ्यास, जिला पंचायत सीईओ रहे मुख्य अतिथि

जवानो व स्कूली छात्र-छात्राओं ने गणतंत्र दिवस के पूर्व किया प्रस्तुति का अंतिम रिहर्सल

मुख्य समारोह में विधायक अजय चन्द्राकर होंगे मुख्य अतिथि

धमतरी। जिले में आगमी 26 जनवरी को गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके पूर्व आज डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को स्थानीय डॉ. शोभाराम देवांगन स्कूल परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में विधायक कुरूद अजय चन्द्राकर ध्वजारोहण करेंगे। गरिमामय समारोह की समुचित तैयारी के तहत कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में पूर्वाभ्यास के दौरान मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार बतौर मुख्य अतिथि सी ई ओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह ठाकुर का मंच पर आगमन, परेड निरीक्षण, ध्वजारोहण का अभ्यास, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, प्लाटूनों द्वारा मार्च पास्ट, हर्ष फायर, प्लाटून कमांडरों से परिचय, खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोडऩे, पुरस्कार वितरण, फोटो सेशन सहित संपूर्ण आयोजन का पूर्वाभ्यास किया गया। अंतिम रिहर्सल के दौरान जिला पुलिस, नगर सैनिक, एनसीसी, स्काउट गाईड एवं अन्य बलों के जवानों द्वारा प्रभावशाली परेड किया गया। अंतिम रिहर्सल कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आज अंतिम रिहर्सल किया गया। जिसमें देशभक्तिगीत समूह नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रमुख रही। मुख्य अतिथि गजेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों, सुरक्षा बलों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
9 बजे मुख्य अतिथि करेंगे ध्वजारोहण, 11 बजे समारोह का समापन
गणतंत्र दिवस समारोह में प्रात: 8.59 बजे मुख्य अतिथि का आगमन, 9 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं परेड कमाण्डर द्वारा राष्ट्रध्वज की सलामी, प्रात: 9.03 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण, बैंड द्वारा मार्चधुन, प्रात: 9.06 बजे को हर्ष फायर, प्रात: 9.13 बजे परेड द्वारा मार्च पास्ट, प्रात: 9.18 बजे मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री का संदेश वाचन, प्रात: 9.39 बजे परेड निष्क्रमण की कार्यवाही, प्रात: 9.48 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रात: 10.17 बजे झाँकी प्रदर्शन, प्रात: 10.47 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारी को प्रशस्ति-पत्र वितरण, 11 बजे कार्यक्रम समापन होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!