Uncategorized

सार्थक स्कूल में विशेष बच्चों ने हर्षोल्लास से मनाया बसंत पंचमी पर्व

माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना, लेखन, चित्रकला व भजनों से भक्तिमय हुआ परिसर

धमतरी स्थित मानसिक दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र सार्थक स्कूल में बसंत पंचमी का पावन पर्व विशेष बच्चों द्वारा श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ज्ञान, कला और विद्या की देवी माँ सरस्वती की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।कार्यक्रम की शुरुआत सार्थक स्कूल के विशेष बच्चों, संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी एवं प्रशिक्षकों मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव एवं काजल रजक के द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात सभी ने माँ सरस्वती को पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेष बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनशीलता का सुंदर परिचय दिया। यज्ञदत्त, मनीषा, श्वेता, नेमेश, हर्षिता, एकलव्य, मनीष, देवश्री, प्राची एवं मोनिका ने बसंत पंचमी विषय पर भावपूर्ण लेखन प्रस्तुत किया। वहीं प्रीति, बेबी, वत्सला, डॉली, भूपेंद्र, निखिल, ईश्वर एवं करण ने रचनात्मक चित्रकला के माध्यम से अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मां के लिए प्राची सोनी द्वारा प्रस्तुत मधुर गीत तथा संगीत प्रशिक्षिका देविका दीवान के साथ बच्चों द्वारा गाए गए भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष डॉ. दोशी ने कहा कि, विशेष बच्चे भी किसी से कम नहीं होते, उन्हें केवल सही मार्गदर्शन और उचित अवसर की आवश्यकता होती है। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रशिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों के मानसिक, शारीरिक एवं भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। कार्यक्रम के समापन में धमतरी की समाजसेवी श्रीमती कांता लुंकड़ के द्वारा प्रेषित मिठाइयों का प्रसाद बच्चों को प्रदान किया गया।इस अवसर पर सुनैना गोड़े, कौशर रज़ा, सखीना बाघमारे, प्रेमबती साहू, सविता शेख एवं शकुंतला सोनी की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!