सदर बाजार में चलाया गया स्वच्छता अभियान

धमतरी। सदर बाजार में नगर निगम द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान एमआईसी सभापति नीलेश लूनिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें स्वच्छता दीदियों ने दुकानदारों और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान स्वच्छता दीदियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने कचरा, प्लास्टिक बोतलें, चिल्ली बार, गुटखा-पान मसाला के खाली पैकेट एवं अन्य अपशिष्ट सड़क पर न फेंकें। खुले में कचरा फैलाने से बाजार की सुंदरता प्रभावित होती है, नालियां जाम होती हैं और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। एमआईसी सभापति नीलेश लूनिया ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे हमारी दैनिक आदत बनाना होगा। प्रत्येक दुकानदार यदि अपनी दुकान के सामने साफ-सफाई की जिम्मेदारी ले ले, तो धमतरी को स्वच्छ शहर बनने से कोई नहीं रोक सकता। स्वच्छता दीदियों ने दुकानों में डस्टबिन रखने, गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम द्वारा नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था की गई है। अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने स्वच्छता पहल की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
