Uncategorized

बोर्ड परीक्षा 2026 की सुदृढ़ तैयारी हेतु कलेक्टर ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

तनावमुक्त होकर अध्ययन करने के महत्वपूर्ण गुर बताए


धमतरी। छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2026 में जिले के विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धमतरी जिले के सरकारी हाई स्कूल के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद स्थापित किया। इस संवाद कार्यक्रम में जिले के 168 हाई स्कूल शालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को परीक्षा की प्रभावी तैयारी, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन की सही शैली तथा तनावमुक्त होकर अध्ययन करने के महत्वपूर्ण गुर बताए। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध अध्ययन, नियमित अभ्यास एवं आत्मविश्वास के साथ की गई तैयारी से परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित अपनी शंकाएं एवं कठिनाइयां खुलकर रखने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उन्होंने सरल, व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक समाधान प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से मॉडल उत्तर लेखन की विधि समझाते हुए बताया कि किस प्रकार उत्तरों को क्रमबद्ध, स्पष्ट एवं बिंदुवार लिखकर अधिकतम अंक अर्जित किए जा सकते हैं। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विगत 15 वर्षों के बोर्ड प्रश्नपत्रों के आधार पर विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास कराएं, जिससे परीक्षा पैटर्न की बेहतर समझ विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं विद्यार्थी का संयुक्त प्रयास ही जिले को बेहतर परिणाम की ओर ले जाएगा। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक शिक्षा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों — समीर साहू, समीर चंद्रवंशी, सौरभ कुमार, कु. रश्मि नामदेव, कु. पुष्पशी यादव एवं शुभम साहू — को सम्मानित किया गया। उन्होंने इन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!