Uncategorized

ग्राम लोहरसी में सरकारी जमीन पर कब्जा को लेकर विवाद , विधायक ओंकार साहू ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचे

धमतरी। धमतरी जिले के ग्राम लोहरसी में सरकारी जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत की ग्राम सभा में बिना किसी अनुमोदन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बी-1, नक्शा और खसरा बनवाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई और कथित रूप से सत्ता के दबाव में जमीन पर कब्जा कर भाजपा कार्यालय बनाने की कोशिश की जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध के बाद गांव में दिनभर कई बार पुलिस पेट्रोलिंग कर भय का माहौल बनाया जा रहा है और उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है।स्थिति की सूचना मिलते ही धमतरी विधायक ओंकार साहू ग्राम लोहरसी पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि पुलिस प्रशासन के माध्यम से उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।विधायक ओंकार साहू ने तत्काल अर्जुनी थाना प्रभारी राजेश जगत से चर्चा कर स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी ग्रामीण को डराने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायती राज अधिनियम के तहत बिना ग्राम सभा की स्वीकृति और विधिवत नोटिस के किसी भी सरकारी जमीन का हस्तांतरण नहीं किया जा सकता।विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा,मेरे रहते गांव के किसी भी व्यक्ति को डरने की जरूरत नहीं है। मैं आप सभी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं। कोई भी पुलिस या प्रशासन गांव के लोगों को डरा नहीं सकता। यदि इस प्रकरण में कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने अर्जुनी थाना प्रभारी को स्पष्ट समझाइश देते हुए कहा कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखें, लेकिन निर्दोष ग्रामीणों को प्रताड़ित न किया जाए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!