Uncategorized

होली पर पानी की नहीं होगी किल्लत, निगम जल विभाग ने किए विशेष प्रबंध

शहर में तीन बार पानी की आपूर्ति की जाएगी, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े-अखिलेश सोनकर

धमतरी। होली पर्व को देखते हुए नगर निगम जल विभाग द्वारा शहरवासियों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। विभाग के प्रभारी अखिलेश सोनकर ने जानकारी देते हुए बताया कि होली के दिन 4 मार्च को शहर में तीन बार पानी की आपूर्ति की जाएगी, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि जलापूर्ति के लिए सभी मोटर पंपों की जांच एवं मरम्मत कार्य पहले ही पूर्ण कर लिया गया है। जिन क्षेत्रों में मोटर पंप के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती है, वहां भी सुचारू रूप से जल वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा जल विभाग की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी स्थान पर तकनीकी समस्या आने पर तत्काल समाधान किया जा सके।
प्रभारी श्री सोनकर ने कहा कि होली जैसे बड़े पर्व पर पानी की मांग सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहती है, इसे ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। जलाशयों में पर्याप्त जल भंडारण सुनिश्चित किया गया है तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मोटर पंप भी तैयार रखे गए हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पानी का उपयोग आवश्यकतानुसार और संयमपूर्वक करें, ताकि सभी क्षेत्रों में समान रूप से जलापूर्ति बनी रहे। साथ ही यदि किसी क्षेत्र में जलापूर्ति से संबंधित समस्या होती है, तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम जल विभाग को दें, जिससे शीघ्र निराकरण किया जा सके।
नगर निगम द्वारा किए गए इन विशेष प्रबंधों से शहरवासियों को होली के पर्व पर पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!