सोरिद,डाक बंगला और जोधापुर वार्डवासियों ने लाखों के सौंदर्याकरण कार्य की स्वीकृति दिलाने पर महापौर का मुंह मीठा कराकर जताया आभार

धमतरी-नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा के सतत प्रयासों से शहर के दो मुक्तिधामों के सौंदर्याकरण एवं विकास कार्यों को स्वीकृति मिल गई है। इन कार्यों के लिए लगभग 61 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे मुक्तिधामों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इस पहल से अंतिम संस्कार स्थल पर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और परिसर अधिक व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाया जा सकेगा।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत मुक्तिधाम परिसर में सौंदर्याकरण, शेड निर्माण, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, मार्ग निर्माण तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मुक्तिधाम समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होते हैं, इसलिए वहां बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।महापौर के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति पर सोरिद, डाक बंगला तथा जोधापुर वार्ड के नागरिकों में खुशी की लहर है। इसी क्रम में सभापति कौशल्या देवांगन, पार्षद विशू देवांगन,सुमन मेश्राम एवं वार्डों के रहवासियों ने महापौर श्री रामू रोहरा से सौजन्य मुलाकात कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से मुक्तिधामों के विकास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे महापौर के प्रयासों से अब पूरा किया जा रहा है।इस अवसर पर वार्डवासियों ने महापौर का मुंह मीठा कराकर धन्यवाद ज्ञापित किया और शहर के विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी महापौर के नेतृत्व में धमतरी शहर में इसी तरह विकास कार्य निरंतर होते रहेंगे।