Uncategorized

मेघा–सिगपुर–दुगली मार्ग का उन्नयन कार्य प्रगति पर, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

धमतरी- जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुविधा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मेघा–सिगपुर–दुगली मार्ग में 7 किलोमीटर सड़क की मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार डामरीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। यह कार्य ग्रामीणों की मांग के अनुरूप विशेष मद के तहत 148.73 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत किया गया है, जो वर्तमान में प्रगति पर है और मार्च माह तक पूर्ण होने की संभावना है।

उक्त मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से ग्रामीणों को विकासखण्ड मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय तक पहुंचने में परेशानी होती थी। अब मरम्मत एवं उन्नयन कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र के लोगों को सुगम, सुरक्षित एवं तेज यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को इसका शीघ्र लाभ मिल सके।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। साथ ही किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को दैनिक गतिविधियों में सहूलियत प्राप्त होगी।जिला प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!