Uncategorized

जिपं की सामान्य सभा की बैठक सम्पन्न : अध्यक्ष अरुण सार्वा की उपस्थिति में हुई विकास कार्यों की समीक्षा


धमतरी। जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा की अध्यक्षता में सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, विधायक ओंकार साहू, विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम, टीकाराम कंवर, श्रीमती पूजा सिन्हा, श्रीमती मोनिका देवांगन, श्रीमती कुलेश्वरी गायकवाड़, श्रीमती मीना साहू, नीलम चन्द्राकर, अजय ध्रुव, श्रीमती धनेश्वरी साहू, श्रीमती अनीता ध्रुव, श्रीमती गरिमा नेताम, श्रीमती कविता बाबर, श्रीमती अंगिरा ध्रुव अध्यक्ष जनपद पंचायत, श्रीमती गीतेश्वरी साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत कुरूद, विरेन्द्र साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत मगरलोड, गजेन्द्र सिंह ठाकुर सीईओ जिला पंचायत उपस्थित रहे। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत जिला पंचायत सभाकक्ष एवं पदाधिकारी प्रशिक्षण कक्ष नवीनीकरण का अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा द्वारा फीता काटकर विधिवत लोकार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला पंचायत सभाकक्ष केवल बैठकों का स्थान नहीं बल्कि जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों का केंद्र है। बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थित वातावरण में होने वाली बैठकें विकास कार्यों को गति प्रदान करती हैं। समीक्षा के दौरान अध्यक्ष श्री सार्वा ने ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई गांवों में बने सीसी रोड को पीएचई विभाग द्वारा पाइपलाइन विस्तार के दौरान किनारों से खोद दिया जाता है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि पाइपलाइन विस्तार के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत करायी जाए। इसके अलावा उन्होंने बगरुमनाला क्षेत्र में अवैध रेत खनन को गंभीर मुद्दा बताते हुए खनिज विभाग को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो पंचायत सचिव 10 वर्ष से अधिक समय से एक ही पंचायत में पदस्थ हैं, उनका अन्य पंचायतों में स्थानांतरण किया जाना चाहिए। उपाध्यक्ष गौकरण साहू ने पीएचई विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की जानकारी उपलब्ध कराने विभागीय अधिकारी को कहा। विधायक ओंकार साहू ने मोंगरागहन मार्ग में बने डामर और गिट्टी के उखडऩे की शिकायत पर गंभीरता व्यक्त करते हुए जांच के निर्देश दिए। विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने नगरी क्षेत्र में लगातार गिरते जलस्तर पर चिंता व्यक्त की। सभापति टीकाराम कंवर ने मोहेरा मार्ग के ग्रेड निर्धारण को लेकर सवाल उठाते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देने की मांग की। सभापति महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती मोनिका देवांगन ने जिले के निजी अस्पतालों में पदस्थ डॉक्टरों की संख्या तथा निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की। सदस्य श्रीमती कविता बाबर ने कहा कि कई विभाग बैठकों में अधूरी जानकारी प्रस्तुत करते हैं इसलिए विभाग प्रमुखों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित होना चाहिए। सदस्य नीलम चंद्राकर ने कहा कि किस पंचायत से गौण खनिज मद में कितनी राशि प्राप्त हुई है तथा कितना रेत खनन किया गया है का सूची उपलब्ध कराने कहा ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!