जिले में नक्सल समाधान पश्चात परिदृश्य पर एसपी धमतरी द्वारा बोरई, कुन्दई और विश्रामपुरी ट्राईजंक्शन पर समन्वय बैठक सम्पन्न
सीमावर्ती क्षेत्रों में आपसी समन्वय, संवाद और सहयोग के साथ साथ इंटेलिजेंस नेटवर्क मजबूत करने के निर्देश, नक्सल के साथ साथ गांजे की सूचना साझा करने की अपील

पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे ग्रामों में सतत जनसंवाद व विश्वास निर्माण अभियान तेज करने पर जोर
जिले में नक्सल पश्चात परिदृश्य को गंभीरता से लेते हुए नक्सल शून्यता की स्थिति को बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा जिले के अंतिम छोर में बोरई, कुन्दई (नबरंगपुर) और विश्रामपुरी (कोंडगांव) ट्राईजंक्शन पर समीक्षा और समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक धमतरी ने बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि नक्सल गतिविधियों एवं अवैध गांजा तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु रियल-टाइम सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जाए। उन्होंने अंतरराज्यीय सीमाओं पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने तथा रात्रि गश्त एवं नाकाबंदी को प्रभावी बनाते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सतत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से सूचना तंत्र (इंटेलिजेंस नेटवर्क) को मजबूत करने, विश्वसनीय मुखबिर तंत्र विकसित करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं ठोस कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पूर्व में नक्सल प्रभावित ग्रामों में पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा देने, अधिकारियों कर्मचारियों को नियमित ग्राम भ्रमण कर आम जनता के साथ विश्वास निर्माण करने, उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने एवं उपयोगी सूचनाएं एकत्रित करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि युवा वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु जनजागरूकता एवं खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे नक्सल शून्यता की स्थिति को आगे भी बनाये रखा जा सके। युवा वर्ग के उज्ज्वल भविष्य की चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने उन आपराधिक तत्वों पर विशेष कार्यवाहियों के निर्देश दिए जो ओडिशा से गांजे की खेप इस तरफ ला रहे हैं l इसके लिए आदेश जारी कर संभावित मार्गों पर स्थायी नाके लगाए गए हैं और अन्य मार्गों पर औचक नाकेबंदी की जायेगी l
समीक्षा बैठक में डीएसपी धमतरी यशकरण दीप ध्रुव सहित थाना मेचका, खल्लारी, नगरी, सिहावा, बोराई के अधिकारी, सीएएफ के कमांडेंट तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा के थाना कुंदई, रायघर एवं जिला कोंडागांव के थाना माकड़ी, विश्रामपुरी, चौकी बांसकोट सहित एसआईबी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


