Uncategorized

97.40% अंक के साथ कुसुम लता ने बढ़ाया धमतरी का मान, कलेक्टर से भेंट कर प्राप्त किया मार्गदर्शन

कुसुम लता की उपलब्धि पर जिला गौरवान्वित, कलेक्टर ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

धमतरी, 30 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हालिया बोर्ड परीक्षा परिणामों में जिले की मेधावी छात्रा कुसुम लता विप्र ने 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर धमतरी जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले को गर्वित किया है।
उल्लेखनीय सफलता के उपरांत कुसुम लता ने आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर कलेक्टर ने छात्रा का मुंह मीठा कराकर अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि कुसुम लता की यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि समर्पण, अनुशासन एवं सतत परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने छात्रा से परीक्षा की तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन तथा अध्ययन पद्धति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कुसुम लता की लगन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए भविष्य में उच्च प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं, विशेषकर सिविल सेवा, की तैयारी हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उच्च गुणवत्ता वाले अध्ययन संसाधनों, मार्गदर्शन एवं प्रतिस्पर्धी वातावरण का लाभ लेने से सफलता की संभावनाएं और अधिक सुदृढ़ होती हैं।
इस दौरान कुसुम लता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं संस्थान के सतत मार्गदर्शन को दिया तथा भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम में कुसुम लता के नाना श्री अवध राम भारती, माता श्रीमती पवन गंगा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लीलाधर चौधरी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री के.के. ध्रुवे, संस्था के प्राचार्य श्री राहुल नेताम, श्री यतीश भूषण श्रीवास्तव, सहकारी समिति के अध्यक्ष सहित शिक्षकगण श्री के.के. साहू, श्रीमती हेमलता सोनी एवं श्री धनेंद्र साहू उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने कुसुम लता की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की है कि जिले के अन्य विद्यार्थी भी उनसे प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा धमतरी को शैक्षणिक उत्कृष्टता के मानचित्र पर और सुदृढ़ करेंगे
/:अमित::

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!