Uncategorized

कुरूद में जनगणना का शुभारंभ, नपा अध्यक्ष के निवास को मिला मकान नंबर एक

नपा अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने नागरिकों से सहयोग की अपील की

कुरूद। केंद्र सरकार के आदेशानुसार 1 मई से पूरे देश में जनगणना 2026 का शुभारंभ हो गया है। कुरूद नगर में जनगणना का आगाज नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर के वन्देमातरम वार्ड स्थित निवास से हुआ। मतगणना दल, नगरपालिका सीएमओ और कर्मचारियों ने ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर उनके मकान को पहला मकान नंबर 0001 आवंटित किया। टीम ने नगरवासियों और क्षेत्रवासियों से जनगणना कार्य में सहयोग करने और समय देने का निवेदन किया है। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना हम सबके लिए अति आवश्यक है। इसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक के मकान की जानकारी केंद्र और राज्य सरकार के पास रहेगी। इसी के आधार पर शासन की प्रत्येक योजना और शासकीय कार्यों का लाभ सीधे आमजनों को मिलता रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि जनगणना से हमारी संख्या और पहचान तय होती है। आप सभी मतगणना दल में लगे शासकीय सेवकों का सहयोग करें, जिससे सरकार को सही आंकड़ा मिल सके। ज्योति चंद्राकर ने कहा कि आज का दिन हमारे परिवार के लिए भी सौभाग्य है। पूर्व में 2010 से 2015 तक जब मैं कुरूद की प्रथम नागरिक रही, तब 2011 की जनगणना संपन्न हुई थी। उस समय का सर्वे आज तक काम आ रहा है। पुनः 2026 में जब शासन जनगणना करा रही है तो प्रथम नागरिक रहने का सौभाग्य मिला है। इस बार शासन ने ऑनलाइन माध्यम से तत्काल मकान नंबर भी जारी किए हैं, जिसमें हमारे परिवार के मकान को 1 नंबर आवंटित हुआ है। इस बार जनगणना में नई बात यह है कि घर-घर जानकारी लेने के साथ ही ऑनलाइन प्रक्रिया से तत्काल मकान नंबर जारी किए जा रहे हैं। इससे डुप्लीकेसी रुकेगी और हर मकान की यूनिक आईडी बनेगी। मतगणना दल में लगे शिक्षक और नपा कर्मचारियों ने बताया कि सभी नागरिक आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली बिल जैसे दस्तावेज तैयार रखें, ताकि प्रक्रिया जल्दी पूरी हो सके।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!