धमतरी में विकास कार्यों को रफ्तार देने सड़क पर उतरे कलेक्टर
प्रस्तावित गौरव पथ, चौपाटी से लेकर स्पोर्ट्स क्लब तक का किया निरीक्षण

धमतरी। जिले में शहरी विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगर में संचालित और प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत कलेक्टर ने रुद्री चौक के समीप प्रस्तावित चौपाटी निर्माण स्थल से की। अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि इस स्थल को शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित किया जाए। स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने लक्ष्मी निवास से विंध्यवासिनी नहर नाका चौक तक प्रस्तावित लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘गौरव पथ’ का निरीक्षण किया। उन्होंने इस सड़क परियोजना को शहर की पहचान से जोड़ते हुए कहा कि डीपीआर की आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए ताकि शहरवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। कलेक्टर ने जालमपुर वार्ड में बनाए जाने वाले स्पोर्ट्स क्लब हेतु चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया। युवाओं को खेल सुविधाएं देने के लिए इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रामसागर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 31 पहुंचे। यहां उन्होंने हितग्राही पुनौतिन बाई के नव-निर्मित प्रधानमंत्री आवास का अवलोकन किया। हितग्राही से चर्चा कर योजना के लाभ और निर्माण की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली और संतोष व्यक्त किया। इसके पश्चात कलेक्टर ने गांधी मैदान के समीप स्थित पुराने जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में प्रस्तावित ‘अर्बन चैलेंज फंड कॉम्प्लेक्स’ के स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस परियोजना को सुव्यवस्थित योजना के साथ विकसित किया जाए, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिल सके। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल, उपायुक्त पी.सी. सर्वा, कार्यपालन अभियंता जगत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।