बस से की जा रही गांजा की तस्करी, मध्यप्रदेश के दो तस्कर गिरफ्तार
बोराई नाके पर बस से 11.33 किलोग्राम गांजा बरामद, 2.32 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त

धमतरी। बोराई पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 11.33 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। थाना प्रभारी बोराई एवं थाना बोराई स्टाफ द्वारा बैरियर नाका बोराई के पास संदिग्ध वाहनों एवं यात्रियों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा से धमतरी की ओर आ रही यात्री बस क्रमांक सीजी 04 ईए 2476 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में निखिल वर्मा 26 वर्ष, पिता राजेश वर्मा, निवासी सतवास, मोहित गोदरा 28 वर्ष, पिता प्रेमनारायण, निवासी गोलागुठान, थाना सतवास जिला देवास (म.प्र.) शामिल है। आरोपियों से 11.33 किलोग्राम गांजा अनुमानित कीमत 2,20,000 रूपये, 2 मोबाइल फोन अनुमानित कीमत 10,000रूपये, नगदी 2350 रूपये, कुल जुमला जब्ती – 2,32,350 रूपये की गई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना बोराई में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है तथा गांजा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।

