भाजपा का सेवा संकल्प अभियान विफलताओं को छिपाने का विज्ञापनी पाखंड: तारिणी चंद्राकर
बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने प्रधानमंत्री के जन्मदिन का राजनीतिकरण कर रही भाजपा
दशकों की सेवा के दावों के बीच आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मंदी की मार झेलने को मजबूर

धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के बहाने भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से चलाए जाने वाले एक महीने के सेवा संकल्प अभियान पर जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर नें प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस अभियान को जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग और विफलताओं पर पर्दा डालने का एक सुनियोजित विज्ञापनी पाखंड करार दिया है। तारिणी चंद्राकर ने कहा कि देश और छत्तीसगढ़ की जनता इस समय भीषण महंगाई, चरम पर पहुंची बेरोजगारी, और आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रही है। युवाओं को प्रतिवर्ष रोजगार देने के वादे खोखले साबित हुए हैं, जिससे शिक्षित युवा दर-दर भटकने को मजबूर हैं। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली सरकार ने खाद-बीज के दाम बढ़ाकर कृषि लागत बढ़ा दी है। जब देश की आम जनता इन बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, तब भाजपा सरकार अपनी विफलताओं का जवाब देने के बजाय एक महीने तक आत्म-प्रशंसा और उत्सव मनाने की तैयारी कर रही है। यह जनता की तकलीफों का क्रूर मजाक है। आगे कहा कि भाजपा जिस 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जन सेवा का ढोल पीट रही है, वह असल में आम जनता के आर्थिक शोषण, गिरती अर्थव्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग की गाथा है। गरीब और मध्यम वर्ग की जेब पर टैक्स का भारी बोझ लादकर कॉर्पोरेट मित्रों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। धमतरी जिले सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार सरकारी तंत्र और धनबल का दुरुपयोग कर विज्ञापनों और आयोजनों के माध्यम से झूठा प्रचार फैलाना चाहती है। लेकिन देश की सजग जनता अब इनके दावों की हकीकत को पूरी तरह समझ चुकी है। किसी भी प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा कार्यों के वास्तविक संकल्प का गवाह होना चाहिए, न कि एक महीने तक चलने वाले राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और जनता को गुमराह करने वाले कार्यक्रमों का मंच।
