क्षमा, संयम और आत्मशुद्धि का संदेश देता है पर्युषण पर्व – रामू रोहरा
महापौर ने जैन समाज के महापर्व पर दी शुभकामनाएं

धमतरी। जैन समाज के पवित्र एवं आत्मशुद्धि के महापर्व पर्युषण पर्व के अवसर पर नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने समस्त जैन समाज सहित क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि पर्युषण पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, संयम, त्याग, तपस्या और क्षमा का संदेश देने वाला पर्व है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि जैन धर्म की शिक्षाएं अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और जीव मात्र के प्रति करुणा का मार्ग दिखाती हैं। पर्युषण पर्व के दौरान श्रद्धालु आत्ममंथन करते हुए अपने जीवन में हुई गलतियों के लिए क्षमा मांगते हैं और दूसरों को भी क्षमा करने की भावना रखते हैं। यह पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मिच्छामि दुक्कड़म् की भावना हमें अहंकार और वैमनस्य को त्यागकर आपसी प्रेम एवं सौहार्द के साथ आगे बढऩे का संदेश देती है। उन्होंने भगवान महावीर के बताए अहिंसा और सत्य के मार्ग को अपनाने का आह्वान करते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी की पहचान आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना से है। पर्युषण पर्व इसी सद्भावना को और मजबूत करने का अवसर है।
