बंगाल में मिली जीत का सदर बाजार में अनोखे अंदाज में मना जश्न, युवा नेता पिंटू डागा ने बांटी झालमुड़ी
महापौर जगदीश रामू रोहरा ने किया स्टॉल का उद्घाटन, कहा यह राष्ट्रवाद की जीत है

धमतरी। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत की खुशी में युवा भाजपा नेता पिंटू डागा ने सदर बाजार में अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने स्टॉल लगाकर राहगीरों और स्थानीय लोगों को झालमुड़ी खिलाकर बंगाल में कमल खिलने की खुशी बांटी। स्टॉल पर लोगों की भीड़ जुटी और जय श्रीराम के नारे गूंजे। स्टॉल का उद्घाटन महापौर जगदीश रामू रोहरा ने किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने हिंसा, तुष्टिकरण और कुशासन को उखाड़ फेंका है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास और राष्ट्रवाद की नीति पर जनता की मुहर है। बंगाल में डर का माहौल खत्म हुआ है और अब विकास का सूरज उगेगा। यह नया बंगाल बनाने की शुरुआत है। भाजपा नेता महेंद्र खंडेलवाल ने कहा कि बंगाल के नतीजों ने साबित कर दिया कि जनता झूठ और परिवारवाद की राजनीति को नकार चुकी है। ममता बनर्जी की तानाशाही और कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचार का जवाब जनता ने वोट से दिया है। यह जीत लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान का परिणाम है। धमतरी से लेकर बंगाल तक हर भाजपा कार्यकर्ता आज गौरवान्वित है। इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पिंटू डागा ने कहा कि बंगाल की जीत युवाओं की जीत है। वहां के युवाओं ने रोजगार, सुरक्षा और सम्मान के लिए भाजपा को चुना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए और झालमुड़ी का आनंद लिया।
