Uncategorized

अछोटा में ग्रामीणों का चक्काजाम, पूर्व सरपंच पर कार्रवाई न होने से नाराज

धमतरी। मंगलवार की सुबह जिला मुख्यालय से लगे ग्राम अछोटा के ग्रामीणों ने नगरी-धमतरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सुबह करीब 10 बजे सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। ग्रामीण पूर्व सरपंच के कार्यकाल में हुई अनियमितताओं पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित थे।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में गांव में कई मामलों में बड़ी गड़बड़ी और अनियमितता बरती गई थी। इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने पहले भाजपा से इस्तीफा दे दिया था और अब सड़क पर उतरकर आंदोलन का रास्ता चुना। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देने लगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। किंतु ग्रामीण तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे और मानने को तैयार नहीं थे। लंबी मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में विकास कार्यों, पंचायत फंड और अन्य योजनाओं में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने मांग की कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो और राशि की वसूली की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!