Uncategorized

कुकरेल समाधान शिविर में 314 आवेदन मिले, 266 का मौके पर हुआ निराकरण

17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण हुए शामिल, कलेक्टर ने स्टॉलों का किया निरीक्षण

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून तक चल रहे सुशासन तिहार के तहत जन शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए विकासखंड नगरी के ग्राम पंचायत कुकरेल में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में कुल 314 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 306 मांग एवं
8 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 266 आवेदनों का त्वरित निराकरण मौके पर ही किया गया। इसमें 262 मांग और 4 शिकायत शामिल हैं। शेष आवेदनों को शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत कुकरेल, दरगहन, सलोनी, छुही, सियादेही, कांटाकुरीडीह, बनबगौद, माकरदोना, बाजारकुर्रीडीह, झुरातराई, कुम्हड़ा, डोकाल, केरेगांव, भोथापारा, चनागांव, सियारीनाला एवं खैरभरी के ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा, जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, सभापति शुभंम यदु, जनपद सदस्य चन्द्रकला साहू एवं ईश्वरी नेताम सहित सरपंच ओंकार सिंह नेताम व अन्य पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम नगरी प्रीति दुर्गम ने स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया। शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जल संसाधन, आदिवासी विकास, पंचायत एवं राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी तरीके से दिलाने पर जोर दिया गया। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण हो। सुशासन तिहार के तहत जिले में आगे भी विभिन्न स्थानों पर इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके और शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!