Uncategorized

जनसेवा बना संकल्प, सूखे तालाब में पहुंचा सोंढूर का पानी, गुढ़ियारी तालाब लबालब

नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रयास से नगरिवासियो को मिली राहत

नगरी। तपती गर्मी, सूखते तालाब और गिरते भूजल स्तर से परेशान नगरीवासियों को राहत मिली है। नगर पंचायत के प्रयासों से वर्षों से बंद पड़ी इरिगेशन नाली को फिर से चालू कर सोंढूर से पानी छोड़ा गया है। आज वही पानी वार्ड क्रमांक 13 स्थित गुढ़ियारी तालाब में पहुंच रहा है, जिससे तालाब का जलस्तर बढ़ रहा है और लोगों के चेहरों पर राहत साफ दिख रही है। गर्मी में निस्तार के लिए पानी की कमी और नहावन जैसे जरूरी कार्यों को लेकर हर घर में चिंता थी। ऐसे समय में नगर पंचायत ने संकल्प लिया कि जनता को पानी की कमी नहीं होने देंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं समस्त पार्षदों के नेतृत्व में इरिगेशन विभाग से लगातार संवाद किया गया। प्रयासों के बाद सोंढूर से पानी छोड़ने की स्वीकृति मिली। एक हफ्ते तक नालियों की सफाई और टीमवर्क के बाद गुढ़ियारी तालाब में पानी पहुंचा है। नगर पंचायत ने बताया कि इस तालाब के लबालब भर जाने के बाद वार्ड क्रमांक 14 पुरानी बस्ती दरियारा तालाब को भी इसी नहर नाली से निस्तारी के लिए भरा जाएगा। अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि जनता की सुविधा पहली प्राथमिकता है। हर साल इरिगेशन के माध्यम से तालाबों को भरा जाएगा और नगरी में पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी। हमारा उद्देश्य जनसेवा में समर्पित रहकर हर वक्त जनता के साथ खड़े रहना है। इस कार्य में पार्षद अश्वनी निषाद, शंकर देव, यश करण पटेल, स्वच्छता निरीक्षक पुष्कर पाटील एवं पूरी नगर पंचायत टीम का सराहनीय योगदान रहा। आने वाले समय में अन्य तालाबों को भी भरने की योजना है ताकि नगरी का हर कोना जल संकट से मुक्त हो सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!