जिले के 36 केन्द्रों में 9 मई से शुरू होगा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर
खेल से जुड़ेंगे बच्चे, मिलेगा अनुशासन, स्वस्थ जीवन और नेतृत्व विकास का अवसर

धमतरी- जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बच्चों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से 9 मई से 8 जून तक 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। जिले के 36 केन्द्रों में संचालित होने वाले इस शिविर में स्कूली बच्चों को विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस संबंध में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खेल गतिविधियों की तैयारियों और संचालन को लेकर समर कैंप से जुड़े समस्त कोच एवं प्रशिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक 08 कलेक्ट्रेट सभागृह में महत्वपूर्ण बैठक ली ।
बैठक में समर कैंप के संचालन, व्यवस्थाओं, आवश्यक संसाधनों एवं विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गयी । साथ ही, प्रशिक्षकों को उनके दायित्वों एवं जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि युवाओं और बच्चों को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज लोग खेल गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं, जिसके कारण कई प्रकार की बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में बच्चों को बचपन से खेलों से जोड़ना स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।कलेक्टर ने प्रशिक्षकों एवं संबंधित विभागों को सक्रिय होकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां केवल एक माह तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे वर्ष निरंतर संचालित की जानी चाहिए। जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।बैठक में कलेक्टर ने शहर क्षेत्र के स्कूलों में सप्ताहभर की खेल गतिविधियों का कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिले में खेल गतिविधियों को और बेहतर बनाने के लिए प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों से सुझाव प्राप्त किए।इस अवसर पर एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, सहायक खेल अधिकारी जगत पति देव, खेल प्रशिक्षक, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं खेल गतिविधियों से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित थे ।

