Uncategorized

सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश:पेयजल, विद्युत, आंगनबाड़ी एवं जनसमस्याओं पर कलेक्टर ने की विभागवार समीक्षा

आंगनबाड़ी केंद्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए अधिकारियों का अभिनंदन

धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त जनआवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अब तक आयोजित शिविरों में प्राप्त एवं निराकृत आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मैदानी क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर पेयजल संकटग्रस्त ग्रामों में समुचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी पेयजल समस्या, हैंडपंप खराबी, विद्युत आपूर्ति बाधित होने अथवा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हों, उनका तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने हैंडपंपों की नियमित मरम्मत, जल स्रोतों की सतत निगरानी तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने क्रेडा अधिकारियों को विशेष रूप से डुबान क्षेत्र में खराब पड़े सौर ऊर्जा पंपों की मरम्मत कराने तथा वारंटी अवधि वाले पंपों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं कार्यपालन अभियंता विद्युत को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लो-वोल्टेज तथा विद्युत अप-डाउन की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने कहा।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने चना खरीदी, खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी ली। कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में लक्ष्य से अधिक चना खरीदी की जा चुकी है। कलेक्टर ने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा खरीफ सीजन की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न अधिकारियों द्वारा गोद ली गई आंगनबाड़ियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर भवन की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता, साफ-सफाई, बच्चों को समय पर गर्म एवं पौष्टिक भोजन तथा रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने बच्चों में कुपोषण की स्थिति, टीकाकरण की प्रगति एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री शतिन्द्र चहल एवं उप संचालक सांख्यिकी श्रीमती सीमा पाठक का कलेक्टर ने अभिनंदन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड भ्रमण के दौरान संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें तथा ग्राम सचिव एवं सरपंच के साथ सतत समन्वय बनाए रखें। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के खेल-खिलौनों एवं छोटी-छोटी आवश्यकताओं पर संवेदनशीलता के साथ ध्यान दिया जाए, जिससे उनके स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर वातावरण मिल सके।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आदिवासी विकास, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन एवं शहरी विकास विभागों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन सिंह सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!