सुशासन तिहार के समाधान शिविरों में उमड़ी ग्रामीणों की भागीदारी: बेलरगांव और मेघा क्लस्टर में कुल 1070 आवेदन प्राप्त, अधिकांश मांगों का मौके पर निराकरण

धमतरी- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले के कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत बेलरगांव तथा मगरलोड विकासखंड के ग्राम पंचायत मेघा में क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही निराकरण एवं हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण किया गया।
विकासखंड कुरूद के ग्राम पंचायत बेलरगांव में आयोजित समाधान शिविर में 12 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया। शिविर में कुल 393 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी मांग संबंधी आवेदन थे। इनमें से 384 मांगों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में बेलरगांव, भुरसीडोंगरी, हिर्रीडीह, गढ़डोंगरी, बरबांधा, घुरावंड, आमगांव, नवागांव, कसपुर, जैतपुरी एवं कड़टीगांव सहित विभिन्न पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद सदस्यगण, पूर्व विधायक श्री श्रवण मरकाम, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। शिविर का निरीक्षण अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती प्रीति दुर्लभ, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित साहू, तहसीलदार अखिलेश देशलहरे तथा नोडल अधिकारी एन.के. साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा किया गया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण किट, समग्र शिक्षा समावेशी शिक्षा अंतर्गत उपकरण किट तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी प्रदान किए गए।
इसी प्रकार विकासखंड मगरलोड के ग्राम पंचायत मेघा में आयोजित क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर में मेघा, अरौद, गिरौद, सौगा, हरदी, बेलौदी, खैरझिटी, सांकरा, कमरौद, परसवानी, भरदा, बेलरदोना, कोरगांव, परसाबुड़ा, दुधवारा, कुल्हाड़कोट, मड़ेली एवं बोड़रा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया।
मेघा क्लस्टर में कुल 677 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 667 मांग एवं 10 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। इनमें से 507 मांग एवं 8 शिकायतों सहित कुल 515 आवेदन पत्रों का तत्काल निराकरण किया गया। प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी ग्रामीणों को मौके पर दी गई।
शिविर में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू, कृषि सभापति राजेश कुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मीना डेमू साहू, जनपद सदस्य श्रीमती यमुना साहू, श्रीमती नंदनी साहू, श्रीमती तिलोत्मा साहू एवं श्रीमती डुगेश्वरी साहू, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मेघा होरीलाल साहू, ग्राम पंचायत मेघा की सरपंच श्रीमती मनीषा ध्रुव तथा सेक्टर के सभी सरपंच उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर मांग एवं शिकायतों के निराकरण की जानकारी ली गई।
समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश एवं सामग्री वितरित की गई। जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा 7 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, समाज कल्याण विभाग द्वारा 2 दिव्यांग हितग्राहियों को वॉकर एवं 3 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। इसके अलावा 2 हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड, 3 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 60 लोगों का सिकल सेल, बीपी, शुगर, सर्दी-बुखार एवं कमजोरी संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 8 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड वितरित किए गए। शिविर में 10 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए, 5 लोगों के आधार अपडेट किए गए तथा 3 नए आधार कार्ड भी बनाए गए।
