Uncategorized

एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था एवं बेसिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने दिए कड़े निर्देश

खात्मा प्रकरण, बीट प्रणाली, सायबर अपराध, सुशासन तिहार, सामुदायिक पुलिसिंग एवं यातायात व्यवस्था की हुई विस्तृत समीक्षा

बेसिक पुलिसिंग को मजबूत कर आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक बढ़ाएं – एसपी

पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार द्वारा पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, बेसिक पुलिसिंग, लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं जनविश्वास आधारित पुलिसिंग को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार वाहनों एवं ईंधन की मितव्ययता को ध्यान में रखते हुए सभी थाना प्रभारियों को भौतिक रूप से उपस्थित न बुलाकर केवल राजपत्रित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिससे प्रशासनिक कार्यों में दक्षता एवं संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान खात्मा प्रकरणों, लंबित अपराध एवं मर्ग प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, बीट प्रणाली की प्रभावशीलता, सायबर अपराधों पर त्वरित कार्यवाही, यातायात व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग, सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण एवं विभागीय अनुशासन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
एसपी ने खात्मा प्रकरणों की बढ़ती संख्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए थाना एवं चौकी स्तर पर खात्मा डायरियों का भौतिक सत्यापन कर पुनः गणना कराने के निर्देश दिए। साथ ही गुम डायरियों की तलाश हेतु न्यायालय, जिला पुलिस कार्यालय एवं अनुविभागीय कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले खात्मा प्रकरणों में निरंतरता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।बीट प्रणाली को पुलिसिंग की आधारशिला बताते हुए एसपी महोदय ने अधिकारियों को नियमित ग्राम भ्रमण करने, ग्राम प्रमुखों, समाज प्रमुखों एवं वरिष्ठ नागरिकों से सतत संवाद स्थापित करने तथा बीट अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत बीट व्यवस्था से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।
सायबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसपी महोदय ने निर्देशित किया कि सायबर संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा ऐसे मामलों को बिना विलंब सायबर थाना भेजा जाए। साथ ही नए अधिकारी एवं कर्मचारियों को सायबर अपराधों की जांच एवं तकनीकी कार्यवाही हेतु प्रशिक्षित एवं दक्ष बनाने पर विशेष जोर दिया गया।सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं प्रभावी उपयोग को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। थाना एवं चौकी स्तर पर पुलिस की उल्लेखनीय कार्यवाहियों, उपलब्धियों, जनजागरूकता अभियानों एवं उत्कृष्ट पुलिसिंग गतिविधियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक रूप से आमजन तक पहुंचाने कहा गया, जिससे पुलिस की सकारात्मक छवि, पारदर्शिता एवं जनविश्वास और अधिक मजबूत हो सके।सुशासन तिहार के तहत प्राप्त शिकायतों एवं आवेदन पत्रों का त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए एसपी महोदय ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ करने, नियम विरुद्ध मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त लंबित अपराध एवं मर्ग प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, विवेचकों की नियमित समीक्षा बैठक, न्यायसंगत ड्यूटी विभाजन, आकस्मिक रात्रि गणना, मुखबीर तंत्र को और अधिक मजबूत करने, प्रभावशाली व्यक्तियों एवं वरिष्ठ नागरिकों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा सीमावर्ती थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी, अभिषेक चतुर्वेदी (भा.पु.से.) नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी,श्रीमती रागिनी मिश्रा एसडीओपी कुरूद, सुश्री मोनिका मरावी उप पुलिस अधीक्षक अजाक/यातायात धमतरी, विपिन रंगारी एसडीओपी नगरी एवं यशकरण दीप ध्रुव उप पुलिस अधीक्षक एसजेपीयू धमतरी सहित स्टेनो एवं रीडर उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!