भाजपा सरकार की विफलताओं पर बरसे विधायक ओंकार साहू

धमतरी। ग्राम देमार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में धमतरी विधायक ओंकार साहू ने क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, महिलाएं एवं युवा अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। इस दौरान किसानों ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। वहीं महिलाओं ने उज्ज्वला योजना के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिलने एवं बढ़ती महंगाई से परेशान होने की बात कही। ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद गरीबों का समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है और मरीजों को निजी अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शिविर में बिजली, सड़क, पेयजल, राशन वितरण, पेंशन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं भी सामने आईं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में गौठान योजना के माध्यम से ग्रामीणों एवं महिलाओं को रोजगार मिल रहा था। किसानों को समय पर खाद एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो रही थीं, जिससे खेती-किसानी मजबूत हो रही थी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रंजना साहू, जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, जनपद सदस्य योगेश मार्कण्डे, भारती चन्द्रहास साहू, कीर्तन मीनपाल आदि उपस्थित रहे।
