Uncategorized

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी संचालन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण शिकायत निराकरण के निर्देश

धमतरी- सुशासन, पारदर्शिता एवं जन-केंद्रित प्रशासन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य शासन द्वारा प्रारंभ की जा रही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायत प्रबंधन प्रणाली की तकनीकी, प्रशासनिक तथा व्यवहारिक प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर, राज्य कार्यालय से आए वरिष्ठ सलाहकार आर.के. शर्मा तथा प्रशिक्षक सौरभ श्रीकांत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सुशासन का वास्तविक आधार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निराकरण में निहित है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शासन और आमजन के मध्य संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही का एक सशक्त माध्यम सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी तथा परिणामोन्मुख बनाएगी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे शिकायतों के निराकरण को केवल प्रशासनिक औपचारिकता न मानें, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर समझते हुए प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने, निर्धारित समय-सीमा का पालन करने तथा शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता एवं स्थायित्व पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की सफलता केवल शिकायतों के निस्तारण की संख्या से नहीं, बल्कि नागरिकों की संतुष्टि और शासन के प्रति उनके विश्वास से आंकी जाएगी। अतः प्रत्येक अधिकारी को जनअपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए सेवा भावना एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना होगा।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने अपने उद्बोधन में कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण प्रशासन एवं पुलिस की साझा जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में आमजन शासन-प्रशासन से त्वरित प्रतिक्रिया एवं प्रभावी समाधान की अपेक्षा रखते हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 नागरिकों को सीधे शासन से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है, जो शिकायतों के समाधान को अधिक सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण के दौरान मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि अनेक शिकायतें नागरिकों की व्यक्तिगत कठिनाइयों, सामाजिक आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं से जुड़ी होती हैं। ऐसे मामलों में सकारात्मक संवाद, सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार एवं त्वरित कार्रवाई से न केवल समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास भी और अधिक सुदृढ़ होगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रणाली विभागों के मध्य बेहतर समन्वय, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा देगी। इससे ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को समान रूप से लाभ प्राप्त होगा तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।राज्य कार्यालय से आए वरिष्ठ सलाहकार आर.के. शर्मा ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह व्यवस्था शिकायतों के पंजीयन से लेकर निराकरण एवं फीडबैक प्राप्त करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाएगी। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की भूमिका, शिकायतों के वर्गीकरण, समय-सीमा निर्धारण तथा गुणवत्ता आधारित निराकरण के मानकों की जानकारी भी प्रदान की।
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को पोर्टल संचालन, शिकायतों के प्रभावी प्रबंधन, समयबद्ध निराकरण, नागरिक संतुष्टि एवं सेवा गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान तथा सुशासन की अवधारणा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
यह प्रशिक्षण कार्यशाला जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के सफल एवं प्रभावी संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी, जिससे आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं जवाबदेह निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!