शिकायत पर खनिज विभाग की त्वरित कार्रवाई, अवैध उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी जब्त
1 अप्रैल से 15 जून 2026 तक कुल 181 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 49 लाख 24 हजार 330 रुपये की शास्ति राशि कराई जमा

धमतरी- शिकायत पर खनिज विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच एवं निरीक्षण किया।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून को खनिज अमला धमतरी द्वारा ग्राम सांकरा, तहसील नगरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सांकरा में किसी प्रकार का अवैध मुरूम उत्खनन कार्य संचालित नहीं पाया गया। वहीं ग्राम सांकरा के निकट ग्राम फरसिया में अवैध मुरूम उत्खनन की गतिविधि पाए जाने पर उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन (टायर माउंटेड) को जब्त किया गया।
विभाग द्वारा जब्त मशीन के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने आमजन एवं संबंधित व्यक्तियों से बिना वैध अनुमति मुरूम के उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण नहीं करने की अपील की है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 1 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक कुल 181 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 49 लाख 24 हजार 330 रुपये की शास्ति राशि जमा कराई गई है।कलेक्टर के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा अवैध मुरूम उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए सतत निगरानी और कार्रवाई जारी है।