मोदी के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के प्रतीक, छत्तीसगढ़ में भी दिख रहा सकारात्मक बदलाव – रानू डागा

धमतरी। पूर्व पार्षद एवं भाजपा युवा नेता रानू डागा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर इसे देश के लिए विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
रानू डागा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिली है।रानू डागा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय का लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में देश एवं छत्तीसगढ़ विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा जनता के जीवन स्तर में और अधिक सुधार होगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।