विदेश में रहकर भी मातृभूमि सेवा का अनुपम उदाहरण : शीतल जल प्याऊ का सफल समापन
बिपिन दोशी द्वारा सहयोगी कर्मचारियों को स्मृति भेंट प्रदान कर सम्मानित किया गया

महाराष्ट्र के अमरावती निवासी एवं वर्तमान में लॉस एंजेल्स (अमेरिका) में निवासरत सूर्या बेन सेठ एवं उनके सुपुत्र केतन सेठ के सौजन्य से धमतरी में, स्व. मनहर भाई सेठ की पुण्य स्मृति में स्थापित शीतल जल प्याऊ के चार माह के सफल एवं सेवाभावी कार्य का समापन किया गया। इस वर्ष स्व. मनहर भाई सेठ की पंचम पुण्यतिथि भी रही। उनकी पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष उनकी धर्मपत्नी एवं सुपुत्र के सौजन्य से यह सेवा कार्य निरंतर संचालित किया जाता है।यह प्याऊ मार्च 2026 में भीषण गर्मी के दौरान प्रारंभ किया गया था, जिसका उद्देश्य राहगीरों को शुद्ध, ठंडा एवं स्वास्थ्यवर्धक पेयजल उपलब्ध कराना था। इस अवधि में मटके के शीतल जल के साथ-साथ मठा, आम का पना, लस्सी, शरबत एवं गन्ने के रस जैसी सेवाएं भी समय-समय पर प्रदान की गईं, जिससे राहगीरों को अत्यंत राहत प्राप्त हुई। इस सेवा केंद्र का संचालन स्वच्छता एवं सुव्यवस्था के साथ निरंतर किया गया, जिसमें स्थानीय सेवाभावी जनों का विशेष सहयोग रहा।
इस सेवा की जिम्मेदारी बिपिन भाई दोशी, रसीला बेन, सरिता दोशी एवं पराग दोशी द्वारा रत्नाबांधा रोड स्थित अपने घर के सामने अत्यंत भावपूर्ण समर्पण के साथ निभाई गई।प्याऊ के सफल संचालन हेतु बिपिन दोशी ने पप्पू शिंदे, रिजवान अली, राजा साहू, चुनेश्वर ध्रुव, संतोष साहू एवं घनश्याम साहू को उनके समर्पित योगदान के लिए स्मृति भेंट प्रदान कर सम्मानित किया ।
विदेश में रहते हुए भी अपनी मातृभूमि के प्रति निरंतर सेवा भावना बनाए रखने हेतु सूर्या बेन सेठ जी एवं श्री केतन सेठ जी के इस पुनीत एवं प्रेरणादायी प्रयास के लिए दोशी परिवार एवं नगरवासियों द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

