यूथ एवं इको क्लब द्वारा पोटियाडीह स्कूल मे वृक्षारोपण एवं सीड बॉल वितरण कार्यक्रम सम्पन्न
60 छायादार एवं फलदार पौधों का किया गया रोपण,विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण का दिलाया गया संकल्प

धमतरी।यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया की धमतरी इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित धमतरी अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल पोटियाडीह में यूथ एवं इको क्लब के सहयोग से सघन वृक्षारोपण एवं सीड बॉल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में लगभग 60 छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया तथा विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। ये न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जलवायु संतुलन, जैव विविधता के संरक्षण तथा ग्लोबल वार्मिंग के दुष्प्रभावों को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आग्रह किया गया।कार्यक्रम के दौरान यूथ एवं इको क्लब प्रभारी गीतांजलि साहू एवं विद्यार्थियों द्वारा बड़ी संख्या में सीड बॉल यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया, धमतरी इकाई को प्रदान किए गए, जिनका उपयोग वर्षा ऋतु में विभिन्न क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम में यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया, धमतरी इकाई के चेयरमैन हुकुमचंद जैन, अध्यक्ष रमेश देव, सचिव सुबोध महावर, पूर्व चेयरमैन योगेश गुप्ता, डॉ. भूपेंद्र सोनी, डॉ. धर्मेंद्र सिन्हा, विश्वेश कोटवानी एवं परविंदर कौर गिल की विशेष सहभागिता रही। विद्यालय की प्राचार्य चंपा चंद्राकर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के नियमित संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर कक्षा नवमीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों तुषार जांगड़े, उत्तम, हेमंत, धनंजय, कुलदीप, हर्षिता, हिमांशी, देविका, सुदन साहू एवं भारती देवांगन ने सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के अंत में यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया, धमतरी इकाई ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधा लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के जनआंदोलन में सहभागी बनने का आह्वान किया।उक्त जानकारी यूथ हॉस्टल एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी डॉ भूपेंद्र साहू ने दी।
