Uncategorized

बच्चों के भविष्य की चिंता लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यालय पहुंचे बेलर-बरबांधा के जनप्रतिनिधि, शिक्षकों की कमी दूर करने की उठाई मांग

विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग एवं शासन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी- अरुण सार्वा

धमतरी- नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत बेलर-बरबांधा के सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा से मुलाकात कर गांव के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, इसलिए शीघ्र अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए.प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सरपंच रुक्मणि मरकाम एवं उपसरपंच बीजू राम नेताम ने किया। उनके साथ ताराचंद कोर्राम, स्वदेश नेताम, हरिराम मरकाम, सुदेश नेताम, कनेश्वरी कोर्राम, जागेश नेताम तथा महेश नेताम भी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में कुल 142 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि वहां केवल 4 शिक्षक पदस्थ हैं। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए कम से कम 3 अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता है।इसके अलावा शासकीय ज्ञान ज्योति प्राथमिक विद्यालय में 28 विद्यार्थी हैं, जहां वर्तमान में केवल 1 शिक्षक कार्यरत है। विद्यालय के सुचारु संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए यहां भी 2 अतिरिक्त शिक्षकों की मांग की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग एवं शासन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और शिक्षकों की कमी दूर कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!