Uncategorized

विद्यालय में चला जनजागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को नशा मुक्ति एवं साइबर सुरक्षा का दिया गया संदेश

सजग विद्यार्थी- सुरक्षित समाज' के उद्देश्य से अकलाडोंगरी पुलिस ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

नशे से दूरी, साइबर अपराधों से सतर्कता ही सुरक्षित भविष्य की कुंजी – अकलाडोंगरी पुलिस

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत 22 जुलाई को थाना अकलाडोंगरी पुलिस द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला भिड़ावर एवं शासकीय माध्यमिक शाला भिड़ावर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सउनि. अरविंद नेताम एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी देते हुए नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे सायबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग जानकारी साझा करने के जोखिम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल सुरक्षा तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रभावी उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक अथवा ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह भी दी गई।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से यह भी अपील की गई कि वे अपने माता-पिता, परिवारजनों, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशा मुक्ति एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, जिससे समाज में जनजागरूकता का व्यापक वातावरण निर्मित हो सके और अपराधों की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित हो।
इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भिड़ावर के प्रधानपाठक धर्मराज मंडावी, शिक्षक श्री विनय कुमार त्रिपाठी, टोमन लाल साहू, भारत भूषण साहू, श्री दुबे एवं श्रीमती रंजीता सलाम, थाना अकलाडोंगरी का पुलिस स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!