Uncategorized

दिव्यांग बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, समाज कल्याण विभाग की संस्थाओं में हुआ वृक्षारोपण

धमतरी- हरियाली अमावस्या एवं वर्षा ऋतु के अवसर पर समाज कल्याण विभाग, धमतरी के अंतर्गत संचालित विभिन्न संस्थाओं में दिव्यांग बच्चों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
उन्नायक सेवा समिति द्वारा संचालित श्री बालाजी दिव्यांग आवासीय विद्यालय, देऊरपारा (नगरी), सार्थक स्कूल तथा शासकीय श्रवण बाधित बालिका विद्यालय सहित विभाग की अन्य संस्थाओं में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विशेष बच्चों ने पूरे उत्साह और आनंद के साथ भागीदारी निभाई। बारिश की फुहारों के बीच बच्चों ने फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर परिसर को हराभरा बनाने में अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पौधों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में वृक्षों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। बच्चों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने का संकल्प लिया।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक सहभागिता एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विभाग द्वारा समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि विशेष बच्चों में प्रकृति के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी का भाव मजबूत हो सके।
इस अवसर पर संस्थाओं के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण एवं पालक भी उपस्थित रहे और सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!