धमतरी में फिटनेस सेंटर शुरू करने की मांग तेज, ऑटो चालकों ने परिवहन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
डेढ़ साल से फिटनेस सुविधा बंद होने से ऑटो चालकों को रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जाना पड़ रहा, अतिरिक्त खर्च से बढ़ी परेशानी
धमतरी। ऑटो आनर्स एसोसिएशन धमतरी ने जिले में वाहन फिटनेस जांच की सुविधा जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर जिला परिवहन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। एसोसिएशन ने बताया कि पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से धमतरी में वाहन फिटनेस नहीं बनाई जा रही है, जिसके कारण ऑटो चालकों को अपने वाहनों की फिटनेस कराने के लिए रायपुर, दुर्ग एवं राजनांदगांव जैसे अन्य जिलों का रुख करना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि बाहर जाकर फिटनेस कराने से ऑटो चालकों पर डीजल एवं अन्य खर्च का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही समय की भी काफी बर्बादी होती है, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। एसोसिएशन ने इसे स्थानीय वाहन चालकों के हितों के विपरीत बताते हुए धमतरी में ही फिटनेस जांच की व्यवस्था पुन: शुरू करने की मांग की है। ऑटो आनर्स एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष साहिल अहमद ने जिला परिवहन अधिकारी से आग्रह किया है कि आम वाहन चालकों की सुविधा और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए धमतरी में जल्द से जल्द वाहन फिटनेस बनाने की व्यवस्था शुरू की जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन को न्यायालय की शरण लेने के लिए विवश होना पड़ेगा। एसोसिएशन ने प्रशासन से मामले में तत्काल सकारात्मक कार्रवाई कर धमतरी के वाहन चालकों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
