Uncategorized

यातायात पुलिस की जनजागरूकता मुहिम जारी, विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को दिया नशामुक्ति एवं सुरक्षित यातायात का संदेश

जागरूक विद्यार्थी - सुरक्षित भविष्य' के संकल्प के साथ यातायात नियमों के पालन एवं नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प

ग्राम केरेगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में धमतरी पुलिस यातायात शाखा द्वारा कल नियमित पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम केरेगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरेगांव में विशेष नशा मुक्ति एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू एवं आरक्षक राजीव साहू ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वयं जागरूक बनने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सड़क पार करते समय आवश्यक सावधानियां बरतने के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती एल. देवांगन, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा नशामुक्त समाज के निर्माण एवं यातायात नियमों का सदैव पालन करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!