मानसून बाइक रैली के तहत कलेक्टर पहुंचे नरहरा वॉटरफॉल, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की

धमतरी। मानसून सीजन में पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के उद्देश्य से आयोजित मानसून बाइक रैली के तहत शुक्रवार को धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जयंत नाहटा नरहरा वॉटरफॉल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं खतरे वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
कलेक्टर ने नरहरा वॉटरफॉल घूमने आने वाले आम नागरिकों एवं सैलानियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खतरे वाले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षा बैरिकेडिंग व चेतावनी बोर्डों का सम्मान करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील करते हुए कहा कि पर्यटन स्थल को साफ-सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है। कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और प्राकृतिक वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही बच्चों के साथ आने वाले अभिभावकों से उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने तथा बच्चों पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी।
प्रशासन ने मानसून के दौरान सभी पर्यटकों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार पर्यटन अपनाने की अपील की है, ताकि प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ-साथ सभी की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
