कम संसाधनों में सत्यांशु ने विदेश में बढ़ाया धमतरी का मान- महापौर रामू रोहरा

धमतरी. ओलंपिक्स गोथिया कप 2026 में भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम के सदस्य के रूप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर धमतरी शहर, छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी एवं नगर निगम कर्मचारी सत्यांशु दीप का नगर निगम के सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मान किया गया। इस अवसर पर महापौर ने सत्यांशु दीप को सम्मानित करते हुए कहा कि बहुत कम संसाधनों के बावजूद सत्यांशु ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर विदेश में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने न केवल धमतरी, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि दिव्यांगता किसी की क्षमता की सीमा नहीं है। दिव्यांग का अर्थ ही दिव्य अंग है। सत्यांशु ने अपनी मेहनत से यह साबित किया है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो कोई भी चुनौती सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि सत्यांशु दीप की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम हरसंभव सहयोग करेगा। महापौर ने अपनी ओर से सत्यांशु को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करते हुए कहा कि उनकी ट्रेनिंग और खेल गतिविधियों के लिए भविष्य में भी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर सभापति कौशल्या देवांगन, एमआईसी सदस्य, पार्षद व एल्डरमैन उपस्थित रहे।