विधायक अजय चंद्राकर की पहल : ग्राम कन्हारपुरी को 50 लाख के सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य की मिली स्वीकृति

कुरुद। वर्षों से कच्ची सड़कों पर धूल फांकते कदम अब पक्की राह पर चलेंगे और गलियों में जमा रहने वाला पानी अब नालियों के जरिए निकलेगा। ग्राम कन्हारपुरी के लिए यह बदलाव अब सपना नहीं, हकीकत बनने जा रहा है। विधायक अजय चंद्राकर की विशेष अनुशंसा पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के अधोसंरचना मद के अंतर्गत 50 लाख के दो अहम विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृत कार्यों में सबसे बड़ा हिस्सा सीसी सड़क निर्माण का है, जिस पर 30 लाख खर्च होंगे। मुख्य मार्गों की मौजूदा हालत ग्रामीणों और किसानों के लिए रोज की परेशानी का सबब बनी हुई थी। बारिश के दिनों में कीचड़ भरी सड़कें आवागमन को मुश्किल बना देती थीं, तो गर्मियों में उड़ती धूल राहगीरों को परेशान करती थी। पक्की सड़क बनने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि खेतों से उपज लाने-ले जाने में किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी। दूसरा कार्य पक्की नाली निर्माण का है, जिसके लिए 20 लाख की राशि स्वीकृत हुई है। गांव की गलियों में सालों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण जगह-जगह पानी जमा हो जाता था, जो न सिर्फ आवागमन में बाधा बनता था बल्कि बीमारियों को भी न्यौता देता था। पक्की नाली बन जाने से यह समस्या स्थायी रूप से हल होगी और गांव की स्वच्छता व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और नाली, ये दोनों ऐसी बुनियादी जरूरतें हैं जिनके अभाव में गांव का विकास अधूरा माना जाता रहा है। अब इन दोनों कार्यों के एक साथ स्वीकृत होने से गांव की समूची तस्वीर बदलने की उम्मीद जगी है। स्वीकृति पर ग्रामवासियों ने विधायक अजय चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया है।