मां परमेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ धमतरी मंडल देवांगन समाज के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह
मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने दिलाई शपथ

धमतरी- देवांगन धर्मशाला, दानीटोला धमतरी में धमतरी मंडल देवांगन समाज के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां परमेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समाज के वरिष्ठजनों एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज की एकता, सेवा एवं विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश (रामू) रोहरा थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विनय देवांगन, अध्यक्ष जिला देवांगन समाज धमतरी ने की। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व महापौर विजय देवांगन, पूर्व संरक्षक छत्तीसगढ़ प्रदेश देवांगन समाज कुंजलाल देवांगन, पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश देवांगन समाज रामगोपाल देवांगन, महासचिव जयलाल देवांगन, कोषाध्यक्ष बृजलाल देवांगन एवं विधिक सलाहकार मोहित देवांगन उपस्थित रहे।
अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन, पार्षद श्रीमती पूर्णिमा भरत देवांगन, संजय देवांगन, विशु देवांगन, अज्जु देशलहरे तथा महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती वेदिका देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में मुख्य अतिथि महापौर श्री रामू रोहरा ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा उन्हें समाज के हित में निष्ठा, पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
अपने उद्बोधन में महापौर रामू रोहरा ने कहा कि देवांगन समाज अपनी मेहनत, संस्कार, संगठन और सामाजिक समरसता के लिए पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखता है। समाज तभी आगे बढ़ता है जब उसके पदाधिकारी सेवा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। नव निर्वाचित टीम निश्चित रूप से समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, महिला सहभागिता और सामाजिक एकता पर विशेष ध्यान देकर समाज विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर कार्य करने का आह्वान किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने महापौर रामू रोहरा का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय सम्मान किया। समाज की ओर से उनके प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सामाजिक कार्यों में निरंतर सहयोग के लिए प्रशंसा व्यक्त की गई।