जनपद पंचायत कुरूद की सामान्य सभा में गरमाया विभागीय ढिलाई का मुद्दा, अधिकारियों को मिली सख्त हिदायत
कुरूद जनपद बैठक: शिक्षा विभाग को फटकार, स्वास्थ्य और पेयजल सेवाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

कुरुद। जनपद पंचायत कुरूद की सामान्य सभा शुक्रवार को विभागीय जवाबदेही को लेकर तीखी बहस का गवाह बनी। जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सदस्यों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही ढिलाई पर एक-एक कर सवाल दागे और अधिकारियों को समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए गए। जनपद पंचायत सभाकक्ष में शाम तक चली बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, वन एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित प्रमुख विभागों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा हुई। स्वास्थ्य विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों और सर्पदंश के उपचार हेतु दवाओं की कमी न हो। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को हिदायत दी गई कि किसी भी नए बोर की खुदाई से पहले संबंधित जनपद सदस्य को विश्वास में लिया जाए और हर जलस्रोत में क्लोरीन उपचार कर ग्रामीणों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाए। कृषि विभाग को एग्रीस्टैक पंजीयन, अरहर बीज वितरण, फसल बीमा और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं की प्रगति पर निगरानी बनाए रखने कहा गया। बैठक में सबसे कड़ा रुख शिक्षा विभाग को लेकर अपनाया गया। पुस्तक-गणवेश वितरण में विलंब और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा पर संबंधित अधिकारी को फटकार सुननी पड़ी। विद्युत विभाग को क्षेत्र में जारी बिजली कटौती तत्काल थमाने और तकनीकी खामियां दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग से सड़कों की बदहाल स्थिति सुधारने और सिंचाई विभाग से नहर-नालियों की सफाई-मरम्मत समय पर पूरी करने कहा गया। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग ने निर्माणाधीन व अपूर्ण सड़क कार्यों का ब्योरा सभा में रखा, तो उद्यानिकी विभाग ने अपने कार्यों की क्रमवार रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, सभापति सिंधु बैस, चन्द्रशेखर साहू, आनंद यदु, महेश ध्रुव, एवन साहू, सदस्य रेखा साहू, डिकेश्वरी देवांगन, रूमान कुर्रे, कुलेश्वरी साहू, टेकराम साहू, दिलीप चक्रधारी, मनीषा साहू, उर्वशी बांधेकर, हिमांशु साहू, बनिता सिन्हा, अनुराग साहू, ललिता भतपहरी, गंगा साहू, चित्ररेखा ध्रुव, ठाकुरराम साहू, लिलि श्रीवास, सीईओ अमित सेन सहित अधिकारी कर्मचारी शामिल थे।
