Uncategorized

दो ग्रामीणों पर तेंदुआ ने किया प्राणघातक हमला, फिर उसी घर में मिला तेंदुआ का शव, जांच जारी

कर्राघाटी का मामला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज, घायल ग्रामीण अस्पताल में भर्ती


धमतरी। बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के कर्राघाटी गांव में देर रात तेंदुआ अचानक एक मकान में घुस आया। घर में मौजूद धरम नेताम (40 वर्ष) और गांधी नेताम (50 वर्ष) पर उसने हमला कर दिया। दोनों ग्रामीण घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के कुछ देर बाद जब ग्रामीणों ने घर के भीतर देखा तो वहीं तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेंदुए के शरीर पर किसी धारदार या भारी हथियार से हमला किए जाने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। घटनास्थल पर अत्यधिक खून के निशान भी नहीं पाए गए हैं। ऐसे में उसकी मौत कैसे हुई, यह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि तेंदुआ आबादी वाले क्षेत्र में कैसे पहुंचा, क्या वह पहले से घायल या बीमार था, हमला करने के बाद किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई और कहीं अत्यधिक तनाव, दम घुटने या किसी अन्य प्राकृतिक कारण से तो उसकी जान नहीं गई। घटना के बाद कर्राघाटी सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!