सार्थक के विशेष बच्चों ने नशा मुक्ति पर लिखे प्रेरणादायक स्लोगन
देविका दीवान एवं काजल रजक के मार्गदर्शन में बच्चों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

समाज कल्याण विभाग, धमतरी से सहायता प्राप्त संस्था सार्थक स्कूल में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विशेष बच्चों द्वारा नशा मुक्ति विषय पर प्रेरणादायक स्लोगन लेखन गतिविधि का आयोजन किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों के रचनात्मक लेखन के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समाज को नशामुक्त जीवन का सकारात्मक संदेश देना था।
विशेष प्रशिक्षक देविका दीवान एवं आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षक काजल रजक के मार्गदर्शन में बच्चों ने पूरे उत्साह, लगन और रचनात्मकता के साथ नशा मुक्ति पर स्लोगन लिखे। बच्चों ने अपने सरल, सहज और प्रभावशाली शब्दों में नशे के खिलाफ संदेश देते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज की प्रेरणादायक तस्वीर प्रस्तुत की।
विशेष बच्चों ने अपने लेखन के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की सुख-शांति, आर्थिक स्थिति और भविष्य पर भी गहरा असर डालता है। बच्चों के स्लोगनों में नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित, खुशहाल और बेहतर जीवन अपनाने की प्रेरणा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।इस गतिविधि में विशेष बच्चे निमेश सिन्हा, विनीत बघेल, एकलव्य पटेल, मनीष मांडवी, यज्ञदत्त साहू, प्राची सोनी, देवश्री सार्वा, मोनिका आहूजा, प्रीति साहू, मनीषा साहू एवं श्वेता मसीह ने सक्रिय सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष प्रशिक्षक मैथिली गोड़े एवं कंप्यूटर प्रशिक्षक कौशल्या यादव का भी विशेष सहयोग रहा।
