घोड़ों के रोमांचक करतब बढ़ाएंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्यता
धमतरी के मुख्य समारोह में पहली बार घुड़सवार दिखाएंगे अद्भुत करतब,घुड़सवारी प्रदर्शन की हुई रिहर्सल

धमतरी- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कल 15 अगस्त को धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह देशभक्ति, गौरव और रोमांच से सराबोर रहेगा। डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में आयोजित होने वाले समारोह में पारंपरिक परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पहली बार हॉर्स राइडिंग का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए आज परिसर में घुड़सवारी प्रदर्शन की रिहर्सल की गई।
ब्रिगो हेक्टर कंपनी द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले इस विशेष प्रदर्शन में प्रशिक्षित घोड़ों और दक्ष घुड़सवारों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिलेगा। कंपनी की संचालक सुश्री गीता दहिया ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान टैड पैकिंग, बकेट पैकिंग, ग्रुप टैड पैकिंग, इंडियन फाइल, जंपिंग तथा इंडियन फ्लैग सहित घुड़सवारी से जुड़े विभिन्न रोमांचक करतब प्रस्तुत किए जाएंगे।
घोड़ों की गति, संतुलन और घुड़सवारों की कुशलता पर आधारित यह प्रदर्शन स्वतंत्रता दिवस समारोह में नया आकर्षण जोड़ने के साथ दर्शकों में उत्साह और रोमांच का संचार करेगा। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं के लिए यह प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।
जिला स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों के बीच हॉर्स राइडिंग का यह प्रदर्शन समारोह की भव्यता को और बढ़ाएगा।

