सोरिद, जोधापुर, डाक बंगला वार्ड में जलभराव, घरों में घुसा पानी, सोरिद बागतराई मार्ग अवरुद्ध
पार्षद सुमन मेश्राम ने निगम प्रशासन पर उठाए सवाल - एक महीने पूर्व कांग्रेस पार्षदों ने किया था प्रदर्शन, फिर भी नहीं हुई पानी निकासी व्यवस्था

धमतरी- दो दिन की बारिश में ही नगर निगम के दावों की पोल खुल गई। पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सोरिद, जोधापुर और डाक बंगला वार्ड में जलभराव हो गया है। लोगों के घरों में पानी घुस गया है और सोरिद बागतराई मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद सुमन मेश्राम ने निगम प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक महीने पूर्व ही कांग्रेस पार्षदों ने इन्हीं जलभराव क्षेत्रों में प्रदर्शन किया था और निगम को चेताया था कि पानी निकासी की व्यवस्था की जाए। लेकिन निगम प्रशासन ने उस समय भी ध्यान नहीं दिया और आज नतीजा सामने है। तीन-तीन वार्डों के घरों में पानी घुसा है, लोग अपना सामान बचाने के लिए जूझ रहे हैं।उन्होंने कहा निगम सिर्फ कागजों में नाली सफाई दिखाता है। जमीनी हकीकत यह है कि नालियां जाम हैं, पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं है। सोरिद बागतराई मुख्य मार्ग बंद होने से स्कूली बच्चों और काम पर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कत हो रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि घुटने भर पानी घरों में घुस गया है, अनाज भीग गया है, और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया अगर यही स्थिति रही तो इसका खमियाजा नगर निगम को भुगतना पड़ेगा l
