वंदेमातरम विद्यालय में बरसते पानी में हुआ सामूहिक वंदेमातरम गायन

विद्या भारती द्वारा संपूर्ण देश में आह्वानित सामूहिक वंदे मातरम गायन के अवसर पर वंदेमातरम विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अद्भुत एवं सुंदर प्रस्तुति दी गई। बरसते पानी के बीच यह कार्यक्रम पूर्ण सम्मान के साथ संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के बस्तर प्रभारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री हेमराज सोनी उपस्थित थे।
उन्होंने अपने उद्बोधन में मातृभूमि के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, सेवा एवं बलिदान के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देते हुए सभी बच्चों को देश सेवा के लिए आह्वान किया। वंदेमातरम राष्ट्रगीत की व्याख्या करते हुए उन्होंने इसके संपूर्ण गौरवशाली इतिहास का वर्णन किया।
इसके साथ ही विद्यालय के संचालक सुबोध राठी ने वंदे मातरम विद्यालय की मूलभूत विचारधारा देश प्रेम, देश के प्रति निष्ठा एवं बलिदान के साथ मिलिट्री ट्रेनिंग द्वारा विद्यार्थियों को भविष्य का कर्णधार बनाने के संकल्प के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि सन् 2003 जब से विद्यालय स्थापित हुआ है तभी से हमारे विद्यालय में प्रतिदिन राष्ट्रगीत वंदेमातरम का संपूर्ण गायन किया जाता है और यह प्रक्रिया निरंतर चलती रहेगी। साथ ही 26 जनवरी 2004 से जब से सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया है तब से विद्यालय परिसर में प्रतिदिन सुबह तिरंगा ध्वज फहराया एवं शाम को उतरा जाता है।यहाँ के विद्यार्थी परस्पर अभिवादन भी वंदेमातरम बोलकर ही करते है।
वंदेमातरम विद्यालय सदा से ही मातृभूमि के प्रति समर्पित है और यहाँ की शिक्षा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणा स्रोत रही है।विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त वंदेमातरम विद्यालय परिवार अपनी मातृभूमि के प्रति अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए सदैव तत्पर रहेगा।