आयकर बार एसोसिएशन की प्रथम फ्रीडम कप–2026 क्रिकेट प्रतियोगिता सम्पन्न,सीए चैलेंजर्स बने विजेता, एडमिनिस्ट्रेटिव रॉयल्स रहे उपविजेता
कलेक्टर, महापौर, आयकर अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त स्वयं खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरे

रायपुर। आयकर बार एसोसिएशन के तत्वावधान व नगर निगम के संयुक्त आयोजन और जिंजर लीफ द्वारा प्रायोजित
पहली बार आयोजित फ्रीडम कप–2026 क्रिकेट प्रतियोगिता उत्साह, खेल भावना एवं आपसी सौहार्द के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रशासनिक विभागों एवं पेशेवर संस्थाओं की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का खिताब शानदार प्रदर्शन करते हुए सीए चैलेंजर्स ने अपने नाम किया, जबकि एडमिनिस्ट्रेटिव रॉयल्स की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं टीम वर्क का परिचय दिया।
इस आयोजन की सबसे उल्लेखनीय विशेषता यह रही कि विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी केवल अतिथि या दर्शक के रूप में उपस्थित नहीं रहे, बल्कि स्वयं खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरे। कलेक्टर महोदय, महापौर, आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा नगर निगम आयुक्त ने स्वयं क्रिकेट खेलकर इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता की। वरिष्ठ अधिकारियों की इस खेल भावना और सहज सहभागिता ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ पूरे आयोजन को विशेष एवं यादगार बना दिया।
फ्रीडम कप में सीए चैलेंजर्स मीडिया मवेरिक्स , जी एस टी टाइटन्स , एडमिनिस्ट्रेटिव रॉयल्स , आई टी बी ए अवेंजर्स , डी एफ ओ डेअर डेविल्स मेयर किंग्स तथा इनकम टैक्स ऑफिसियल स्टार्स सहित विभिन्न टीमों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त महिला प्रशासनिक अधिकारियों एवं नगर निगम पार्षदों के मध्य सद्भावना मैच भी आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल क्रिकेट में जीत-हार तक सीमित नहीं था, बल्कि आयकर विभाग, आयकर बार, जिला प्रशासन, नगर निगम, वन विभाग, मीडिया तथा विभिन्न प्रशासनिक संस्थाओं के बीच आपसी संवाद, सौहार्द, समन्वय और आत्मीयता को और मजबूत करना था।
सामान्यतः विभिन्न विभागों एवं पेशेवर संस्थाओं के प्रतिनिधि अपने-अपने प्रशासनिक एवं व्यावसायिक दायित्वों के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं, लेकिन इस आयोजन ने सभी को औपचारिक वातावरण से अलग खेल के मैदान पर एक साथ आने का अवसर प्रदान किया। मैदान पर पद और दायित्व से ऊपर उठकर सभी ने एक खिलाड़ी और टीम सदस्य के रूप में भागीदारी की।
आयकर बार एसोसिएशन द्वारा पहली बार की गई इस अभिनव पहल को उपस्थित अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं सदस्यों ने सराहा तथा भविष्य में भी इसे नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता सीए चैलेंजर्स तथा उपविजेता एडमिनिस्ट्रेटिव रॉयल्स को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का भी अभिनंदन किया गया।
आयकर बार एसोसिएशन ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, टीमों, खिलाड़ियों, अधिकारियों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन का संदेश भी उतना ही सुंदर रहा
मैदान पर प्रतिस्पर्धा, मन में सौहार्द
जीत किसी एक टीम की, लेकिन विजय आपसी संबंधों और खेल भावना की।
प्रथम फ्रीडम कप–2026 की सफलता के साथ आयकर बार एसोसिएशन ने खेल के माध्यम से विभिन्न संस्थाओं को जोड़ने वाली एक नई परंपरा की शुरुआत की है।
