शिक्षक सम्मान एवं पौधारोपण के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स ने शिक्षक-शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित किया आयोजन

धमतरी। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स द्वारा शनिवार, 5 सितंबर को नूतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साहू बाड़ा के पास, धमतरी में शिक्षक सम्मान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा इन तीनों भावनाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला। विद्यालय परिसर में पांच पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण के लिए ट्री गार्ड लगाए गए तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जोन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन धनंजय किरी तथा विशिष्ट अतिथि आदर्श शिक्षण समिति के अध्यक्ष निर्मल बराडिया एवं विद्यालय के प्राचार्य सुधीर राव गायकवाड़ रहे। मंच पर लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स की अध्यक्ष लायन शकुंतला साहू, सचिव लायन ज्योति लुनिया, कोषाध्यक्ष लायन अंजुला सोनी आसीन रहे।
लायंस परंपरा के अनुरूप हुआ ध्वज पठन
कार्यक्रम की शुरुआत लायंस क्लब की गरिमामय परंपरा के अनुरूप ध्वज पठन से हुई। ध्वज पठन के माध्यम से लायंस की सेवा भावना, संगठन के आदर्शों तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण किया गया। ध्वज पठन क्लब कोषाध्यक्ष लायन अंजुला सोनी ने किया इसके पश्चात अतिथियों एवं मंचासीन पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन क्लब की मार्केटिंग चेयरपर्सन एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका लायन कामिनी कौशिक ने अत्यंत प्रभावी एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया। उन्होंने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक को विद्यार्थी के जीवन का मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
क्लब अध्यक्ष लायन शकुंतला साहू ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं चरित्र का निर्माण करने वाला सच्चा मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक जिस प्रकार विद्यार्थी को ज्ञान, संस्कार और दिशा देकर उसके भविष्य को आकार देता है, उसी प्रकार एक पौधे को भी उचित देखभाल और संरक्षण देकर विशाल वृक्ष बनाया जाता है।
उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान और संस्कार का सम्मान है।
अध्यक्ष ने विशेष रूप से संजय बराडिया एवं मनोज जैन के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने ट्री गार्ड हेतु सहयोग प्रदान किया। संजय बराडिया ने अपने पूज्य पिता की स्मृति में तथा मनोज जैन ने अपनी पूज्य माता जी की स्मृति में यह सहयोग दिया। उल्लेखनीय है कि दोनों ही इस विद्यालय के पूर्व मेधावी छात्र रहे हैं। अध्यक्ष ने कहा कि अपने विद्यालय से मिली शिक्षा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अपने माता-पिता की स्मृति में किया गया यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।उन्होंने क्लब से जुड़े शिक्षा क्षेत्र के सदस्यों अमर साहू, लायन कामिनी कौशिक, रंजना साहू, पूजा साहू एवं लायन अंजुला सोनी को भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
क्लब एडमिनिस्ट्रेटर मनोज सोनी ने विद्यालय से अपने भावनात्मक जुड़ाव को किया साझा
क्लब एडमिनिस्ट्रेटर एमजेएफ सीए मनोज सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नूतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उनके लिए केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि उनके जीवन की आधारभूमि है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इसी विद्यालय से हायर सेकेंडरी की शिक्षा प्राप्त की और आज एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में कार्य करते हुए लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स के क्लब एडमिनिस्ट्रेटर तथा आदर्श शिक्षण समिति के उपाध्यक्ष के रूप में विद्यालय से जुड़े रहना उनके लिए अत्यंत गौरव एवं भावुकता का विषय है।
उन्होंने अपने शिक्षकों को स्मरण करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षक द्वारा दी गई सीख जीवन के विभिन्न पड़ावों पर मार्गदर्शन करती रहती है। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय ने हमें पहचान दी, उसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक पूर्व विद्यार्थी का नैतिक दायित्व है।
श्री सोनी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को नमन करते हुए कहा कि समाज में डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी, व्यापारी, वकील अथवा चार्टर्ड अकाउंटेंट अनेक लोग बनते हैं, लेकिन इन सभी के पीछे किसी न किसी शिक्षक का योगदान अवश्य होता है। उन्होंने पौधारोपण को भी भविष्य की पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी बताते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि धनंजय किरी ने सेवा भावना को बताया लायंस क्लब की पहचान
मुख्य अतिथि जोन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन धनंजय किरी ने अपने उद्बोधन में शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के सबसे महत्वपूर्ण निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण दोनों ही आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़े विषय हैं और लायंस क्लब द्वारा दोनों को एक कार्यक्रम के माध्यम से जोड़ना सराहनीय पहल है।
उन्होंने लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि “वी सर्व ” केवल लायंस क्लब का स्लोगन नहीं, बल्कि जरूरतमंदों और समाज के प्रति सेवा का संकल्प है। उन्होंने क्लब के सदस्यों को समाजहित में इसी प्रकार सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि निर्मल बराडिया ने पूर्व विद्यार्थियों की पहल को सराहा
विशिष्ट अतिथि एवं आदर्श शिक्षण समिति के अध्यक्ष निर्मल बराडिया ने कहा कि विद्यालय किसी भी समाज की भावी पीढ़ी के निर्माण का केंद्र होता है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि शिक्षक द्वारा दी गई शिक्षा और संस्कार विद्यार्थी के जीवनभर उसके साथ रहते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय के पूर्व मेधावी विद्यार्थियों श्री संजय बराडिया एवं श्री मनोज जैन द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में ट्री गार्ड हेतु सहयोग किए जाने की सराहना की और कहा कि इससे वर्तमान विद्यार्थियों को भी अपने विद्यालय एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा मिलेगी।
प्राचार्य सुधीर राव गायकवाड़ ने लायंस क्लब का जताया आभार
विद्यालय के प्राचार्य सुधीर राव गायकवाड़ ने विद्यालय परिवार की ओर से लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है तथा समाज में शिक्षा के महत्व का संदेश जाता है। उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का आश्वासन देते हुए कहा कि विद्यालय परिवार इन पौधों को केवल पौधों के रूप में नहीं बल्कि कार्यक्रम की स्मृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक के रूप में संरक्षित करेगा।
समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई वर्ष 2026 की सूची के अनुसार शासन द्वारा नियुक्त शिक्षकों तथा समिति द्वारा नियुक्त मानदेय शिक्षकों एवं कर्मचारियों सहित सभी संबंधित स्टाफ सदस्यों का सम्मान किया गया। स्कूल के 21 सदस्यों को श्रीफल, सम्मानपत्र, उपहार देकर मोती की माला पहनाकर सम्मान किया गया सम्मान के दौरान शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान की भावना व्यक्त की गई।
पूर्व अध्यक्षों एवं लायंस सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में क्लब के वर्तमान पदाधिकारियों के साथ लायंस क्लब के अनेक वरिष्ठ एवं पूर्व पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इनमें जोन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन धनंजय किरी, पूर्व अध्यक्ष लायन भूपेश भाई शाह, लायन एस.डी. नानकानी, लायन विजय अग्रवाल, लायन मुरली अनदानी, लायन राजकुमार वरदानी सहित क्लब के अन्य सदस्य शामिल रहे।
विद्यालय का पूरा स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष रूप से जीवंत बना दिया।
सेवानिवृत्त शिक्षिका कामिनी कौशिक ने संभाला मंच संचालन
कार्यक्रम का मंच संचालन लायन कामिनी कौशिक ने किया, जो स्वयं सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। उन्होंने लायंस परंपरा, शिक्षक दिवस की गरिमा और कार्यक्रम के प्रत्येक चरण को आपस में जोड़ते हुए प्रभावी संचालन किया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम को सहज, अनुशासित एवं भावनात्मक बनाए रखा।
सचिव ज्योति लुनिया ने किया आभार प्रदर्शन
अंत में क्लब की सचिव लायन ज्योति लुनिया ने आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, प्राचार्य, समस्त शिक्षक एवं विद्यालय परिवार, क्लब पदाधिकारियों, पूर्व अध्यक्षों, सदस्यों तथा उपस्थित छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया.
उन्होंने विशेष रूप से ट्री गार्ड हेतु सहयोग प्रदान करने वाले संजय बराडिया एवं मनोज जैन के प्रति आभार व्यक्त किया।

