Uncategorized

11 दिवसीय दादा गुरुदेव एकतीसा भक्ति महोत्सव के अंतिम दिन 14 मंडलों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

भखारा की नवकार मंडल ग्रुप ने बटोरी खूब सराहना

भखारा। राजधानी रायपुर के नव निर्माणाधीन नवकार नगर स्थित श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय एवं मणिधारी दादाबाड़ी में आयोजित 11 दिवसीय दादा गुरुदेव एकतीसा भक्ति महोत्सव के अंतिम दिवस भक्ति, संगीत और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंतिम दिन कुल 14 मंडलों ने अपनी शानदार भक्ति एवं नृत्य प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले आयोजन में पूरा परिसर दादा गुरुदेव की भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

प्रतियोगिता में बी.जे.एस. सीमंधर महिला मंडल, पंख ग्रुप, लोढ़ा विंग्स, जैन-जी समता युवा संघ, निपुणा अलंकार ग्रुप, मनोहर महिला मंडल महासमुंद, धर्मरक्षक श्री शांतिनाथ मंडल (जेंट्स) महासमुंद, पुष्प श्री जी बागबाहरा मंडल, जागृति मंडल धमतरी, दादा गुरु भक्त मंडल राजनांदगांव, नवकार म्यूजिकल ग्रुप भखारा, वर्धमान बालिका मंडल राजनांदगांव एवं संस्कृति महिला मंच भिलाई-3 ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।

*भखारा की नवकार म्यूजिकल ग्रुप ने जीता दिल*

भखारा से पहुंची नवकार म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुति को श्रद्धालुओं ने विशेष रूप से सराहा। ग्रुप के मुख्य गायक जीतू जैन के साथ सचिन, मनोज, पियूष,मयंक, हर्ष, संयम , तोरण ,प्रांजल, हिमांशु, चिराग, मौलिक, लक्ष्य, सौरभ, ओम सहित टीम के सदस्यों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। भक्ति संगीत और प्रभावी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

*पद्मश्री मदन चौहान सहित पांच निर्णायकों ने किया मूल्यांकन*

प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में पद्मश्री मदन चौहान, गौतम छाजेड़ (खैरागढ़), अंजली चोपड़ा, अंजली गोल्छा एवं रेखा रायसोनी उपस्थित रहीं। निर्णायकों ने विभिन्न मंडलों की प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन किया।

*महापौर मीनल चौबे एवं ज्योति हरख जैन की गरिमामयी उपस्थिति*

कार्यक्रम में रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं नगर पंचायत भखारा-भठेली की अध्यक्ष ज्योति हरख जैन भी अतिथि के रूप में आरती में शामिल हुईं और आयोजन की शोभा बढ़ाई।

*जयकारों से गूंजता रहा नवकार नगर*

11 दिवसीय दादा गुरुदेव एकतीसा भक्ति महोत्सव का समापन भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण में हुआ। अंतिम दिन देर रात तक श्रद्धालु भक्ति प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे और दादा गुरुदेव के जयकारों से पूरा नवकार नगर गूंजता रहा।मंडल के इन प्रयासों के लिए समाज जनों, शुभचिंतकों, नगर वासियों ने बहुत-बहुत बधाई शुभकामनाएं दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!