Uncategorized

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से फीता कटवाकर कलेक्टर ने कराया नवीनीकरण सभाकक्ष का शुभारंभ

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से फीता कटवाकर कलेक्टर ने कराया नवीनीकरण सभाकक्ष का शुभारंभ

धमतरी- जिला कार्यालय धमतरी (कलेक्ट्रेट) के सभाकक्ष के नवीनीकरण (रेनोवेशन ) का कार्य पूर्ण होने के बाद को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने विगत दिवस इसका सादगीपूर्ण शुभारंभ कराया। कलेक्टर ने सभाकक्ष की देखरेख एवं व्यवस्था में लंबे समय से जिम्मेदारी निभा रहे कलेक्ट्रेट के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रूपेश कुलदीप से फीता कटवाकर सभाकक्ष का उद्घाटन कराया। इस अवसर पर ईश्वरी मंडावी एवं घनश्याम कुलदीप भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मिश्रा की इस पहल ने प्रशासन में हर स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के सम्मान और सहभागिता की भावना को रेखांकित किया। उन्होंने सभाकक्ष की व्यवस्था एवं देखरेख में योगदान देने वाले कर्मचारी को उद्घाटन का अवसर देकर यह संदेश दिया कि कार्यालय की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है।
शुभारंभ के पश्चात कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने नवीनीकृत सभाकक्ष का अवलोकन किया। उसके बाद बैठक शुरू हुई ।

आधुनिक सुविधाओं से हुआ सभाकक्ष का उन्नयन

कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष को वर्तमान समय की प्रशासनिक बैठकों एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सहित विभिन्न शासकीय गतिविधियों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक रूप दिया गया है। सभाकक्ष में बैठकों को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और सुविधाजनक बनाने के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों तथा आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया गया है। इससे जिला स्तरीय बैठकों, समीक्षा बैठकों, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, प्रस्तुतियों एवं अन्य प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी।नवीनीकरण के बाद सभाकक्ष का स्वरूप अधिक व्यवस्थित, आधुनिक और बैठक-केंद्रित बनाया गया है, जिससे अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रभावी संवाद के साथ शासकीय कार्यों के संचालन में भी सुविधा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!