चालीहा महोत्सव के अंतर्गत सातवें वर्ष आयोजित हुई सिंधी ज्ञान परीक्षा, करीब 80 महिलाओं ने लिया हिस्सा

धमतरी। सिंधी समाज धमतरी द्वारा कोष्टापारा स्थित स्थित झूलेलाल मंदिर में चालीहा महोत्सव बड़े ही उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान समाज द्वारा विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को झूलेलाल महिला मंडल कोष्टापारा द्वारा लगातार सातवें वर्ष सिंधी ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में समाज की करीब 80 महिलाओं सहित युवा, बुजुर्ग, महिला एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सिंधी भाषा के ज्ञान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित इस परीक्षा को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। परीक्षा की तैयारी के लिए झूलेलाल महिला मंडल द्वारा कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। प्रतिभागियों को सिंधी भाषा के अध्ययन के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही परीक्षा से पूर्व विशेष तैयारी भी कराई गई।
*3 सितंबर को वितरित की गई थी उत्तर पुस्तिका*
परीक्षा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए झूलेलाल महिला मंडल द्वारा विशेष रूप से सिंधी भाषा में उत्तर पुस्तिका तैयार की गई। 3 सितंबर को महिला मंडल द्वारा तैयार की गई उत्तर पुस्तिकाओं का प्रतिभागियों के बीच वितरण किया गया था। इसके साथ ही प्रतिभागियों को परीक्षा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कोष्टापारा स्थित झूलेलाल मंदिर में पांच दिवसीय विशेष ट्यूशन क्लास का भी आयोजन किया गया। इन कक्षाओं में समाज के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर सिंधी भाषा एवं परीक्षा में पूछे जाने वाले विषयों की तैयारी की।
*दो घंटे चली परीक्षा, 11 प्रश्न पूछे गए*
झूलेलाल ग्राउंड में रविवार को दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिंधी ज्ञान परीक्षा आयोजित की गई। दो घंटे चली इस परीक्षा में उत्तर पुस्तिका में कुल 11 प्रश्न दिए गए थे। प्रतिभागियों ने निर्धारित समय में प्रश्नों के उत्तर लिखे। परीक्षा के दौरान प्रतिभागी पूरी गंभीरता और एकाग्रता के साथ प्रश्नों के उत्तर लिखते हुए नजर आए।
महिला मंडल की सदस्यों द्वारा परीक्षा की पूरी मॉनिटरिंग की गई तथा परीक्षा को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। वहीं झूलेलाल मंडल परिवार के सेवादारों ने भी परीक्षा व्यवस्था में सहयोग देते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
*सिंधी भाषा के संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल*
झूलेलाल महिला मंडल द्वारा लगातार सातवें वर्ष सिंधी ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया जाना समाज में सिंधी भाषा के प्रति जागरूकता और नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा एवं संस्कृति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आयोजन के माध्यम से समाज के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं को सिंधी भाषा सीखने तथा इसके ज्ञान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
*परीक्षा के बाद हुआ लंगर प्रसादी का आयोजन*
परीक्षा समाप्त होने के बाद झूलेलाल धर्मशाला में परीक्षा में शामिल प्रतिभागियों एवं सेवादारों के लिए लंगर प्रसादी का आयोजन किया गया। इसमें परीक्षा में शामिल प्रतिभागियों के साथ ही आयोजन में सेवा देने वाले सेवादारों ने भी प्रसादी ग्रहण की।
चालीहा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में झूलेलाल महिला मंडल की सदस्यों, झूलेलाल मंडल परिवार के सेवादारों एवं सिंधी समाज के लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। महिला मंडल ने बताया कि सिंधी भाषा एवं समाज की संस्कृति को जीवंत बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ी को अपनी भाषा और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे।